
विधायक चरणसिंग ठाकुर को सौंपा ज्ञापन; 15 दिनों में प्रशासनिक बैठक बुलाकर समस्या का समाधान करने का आश्वासन
काटोल प्रतिनिधि
काटोल शहर के गुंठेवारी लेआउट में स्थित प्लॉटों के धारकों के नाम सातबारा (7/12) अभिलेख में दर्ज करने तथा प्लॉटों की बिक्री एवं फेरफार की प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर बहुजन वंचित क्रांति सेना के जिलाध्यक्ष तथा काटोल नगर परिषद के पूर्व सभापति दिगंबर डोंगरे के नेतृत्व में प्लॉटधारकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक चरणसिंग ठाकुर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि काटोल शहर के अनेक लेआउट गुंठेवारी के अंतर्गत आते हैं। पेठबुधवार स्थित पी.एच. नंबर 24/1/2, दमानी लेआउट वर्ष 1992 का है। इस लेआउट में करीब 102 प्लॉटधारक हैं। इनमें से अधिकांश प्लॉटों की बिक्री हो चुकी है, लेकिन कई प्लॉटधारकों की बिक्री प्रक्रिया काटोल सब-रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा रोक दी गई है।
प्लॉटधारकों के अनुसार गुंठेवारी लेआउट का अलग सातबारा तैयार नहीं होता। वहीं, प्लॉटधारक का नाम सातबारा में दर्ज नहीं होने के कारण बिक्री दस्तावेजों के पंजीयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके चलते कई प्लॉटों की बिक्री रुक गई है और बिक्री नहीं होने से फेरफार के माध्यम से प्लॉटधारकों के नाम दर्ज नहीं हो पा रहे हैं।
इस स्थिति के कारण संबंधित नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। साथ ही बच्चों की शिक्षा, विवाह तथा चिकित्सा उपचार के लिए बैंक से कर्ज लेने में भी दिक्कतें आ रही हैं। प्लॉटधारकों का कहना है कि आवश्यक सरकारी प्रमाणपत्र प्राप्त करने में भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान कर प्लॉटों की बिक्री तथा फेरफार की प्रक्रिया सुचारु करने और प्लॉटधारकों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
इस पर विधायक चरणसिंग ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक बुलाकर मामले की समीक्षा की जाएगी तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपते समय बालू भगत, डोमाजी पंडितपवार, घनश्याम बाभूळकर, पुरुषोत्तम वानखेडे, नागेश्वर जिसाफ, कुमार सईद अंसारी (पास्टरजी), राम खोंडे, आकाश सोनवणे, सलीम शेख, यासीन शेख, शेख इस्राईल, निखिल आंबुलकर, कलावती खोडे, प्रमिला गाढवे, संगीता आंबुलकर, सारिका पंडितपवार, पार्वती बावणे, पुष्पा बाभूळकर, रेहाना शेख, रंजना बावणे, अफसाना शेख, सरुबाई बावणे, वंदना इंगळे, निलोफर शेख, नाशिबा अनिस शेख, अरुण दुधकवडे, ईश्वर गाढवे सहित बड़ी संख्या में प्लॉटधारक उपस्थित थे।

