
काटोल प्रतिनिधी, न्यूज जागर
‘जागृत संत तुकाराम महाराज विचारमंच’ एवं ‘यूथ एक्सेल मल्टीपर्पज फाउंडेशन’ का संयुक्त उपक्रम
काटोल। तालुका के सभी शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुनबी समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा उच्च शिक्षा के लिए प्रेरणा देने के उद्देश्य से ‘जागृत संत तुकाराम महाराज विचारमंच, काटोल’ एवं ‘यूथ एक्सेल मल्टीपर्पज फाउंडेशन, नागपुर’ के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इस उपक्रम के अंतर्गत वर्ष 2026 में आयोजित 10वीं (SSC) एवं 12वीं (HSC) परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा जेईई परीक्षा में 90 से अधिक पर्सेंटाइल हासिल करने वाले कुनबी समाज के विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह केवल सम्मान समारोह नहीं होगा, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरणादायी मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य मार्गदर्शक डॉ. आशीष तायवाड़े (बी.ई., एम.ई. मैकेनिकल, एमबीए (एचआर), पीएच.डी. मैनेजमेंट) रहेंगे। कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि डॉ. प्रतीक सुरेश गुढ़े (एमबीबीएस, एमडी, पूर्व सीनियर रेजिडेंट, नेफ्रोलॉजी, राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, दिल्ली) होंगे।
यह समारोह 13 जून 2026, शनिवार को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल चरडे मंगल कार्यालय, धरती मूर्ति रोड, रेलवे फाटक के पास, काटोल निर्धारित किया गया है।
आयोजकों ने बताया कि समाज के प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी का सम्मान पूरे समाज का गौरव है। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की सफलता का अभिनंदन करना, उन्हें आगे की शैक्षणिक यात्रा के लिए प्रेरित करना तथा अन्य विद्यार्थियों के सामने एक आदर्श प्रस्तुत करना है।
पात्र विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अपनी अंकसूची (मार्कशीट) निर्धारित समय के भीतर उपलब्ध कराएं, ताकि सम्मान समारोह में उनका समुचित सम्मान किया जा सके।
आयोजकों ने समाज के पालकों, शिक्षकों, शिक्षाप्रेमी नागरिकों एवं समाजबंधुओं से इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान किया है।

